राजनांदगांव। कोढ़ीखाना की करीब 23 एकड़ जमीन की लीज निरस्त कर उसे शासन के कब्जे में लेने की प्रशासनिक कार्रवाई शुरू होने के बाद अब इसके उपयोग को लेकर मांग उठी है। युवा नेता सुनील सेन ने इस जमीन पर सर्वसुविधायुक्त खेल परिसर, लघु एवं मध्यम उद्योग और कौशल विकास केंद्र स्थापित करने की मांग की है, ताकि स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें।
बताया गया कि वर्ष 1905 में कुष्ठ रोगियों की सेवा, उपचार और पुनर्वास के लिए यह जमीन एक अमेरिकी मिशनरी संस्था को 100 साल की लीज पर दी गई थी। इसकी अवधि वर्ष 2005 में समाप्त हो गई थी। स्थानीय नागरिकों का आरोप था कि आवंटन का मूल उद्देश्य समाप्त होने के बाद भी जमीन का उपयोग अन्य गतिविधियों में किया जा रहा था। कृषि कार्य के लिए भूमि देने, भवन किराये पर चलाने, तालाब के उपयोग और पेड़ों की कटाई को लेकर भी आपत्तियां उठाई गई थीं।
इस मामले में बसंतपुर के नागरिकों ने एकजुट होकर तीन चरणों में आंदोलन किया और प्रशासन को ज्ञापन सौंपे। मांग पूरी नहीं होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी भी दी गई थी। अब लीज निरस्त कर जमीन को कब्जे में लेने की कार्रवाई शुरू हुई है। परिसर के निर्माण हटाने और अतिक्रमण की जांच की प्रक्रिया भी चल रही है।
सुनील सेन ने प्रशासनिक कार्रवाई पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि यह किसी व्यक्ति विशेष की नहीं, बल्कि क्षेत्र के भविष्य और सार्वजनिक संपत्ति के जनहित में उपयोग की सामूहिक लड़ाई थी। उन्होंने कहा कि करीब 23 एकड़ जमीन को खाली छोड़ने के बजाय इसे बसंतपुर और आसपास के क्षेत्रों के विकास का केंद्र बनाया जाना चाहिए।
उन्होंने मांग की कि जमीन पर खेल परिसर बनाया जाए, ताकि स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिले। इसके उपयुक्त हिस्से में लघु एवं मध्यम उद्योग स्थापित किए जाएं और युवाओं के लिए कौशल विकास व प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाए। सेन ने शासन-प्रशासन से जल्द मास्टर प्लान तैयार कर बजट और जरूरी स्वीकृतियां देने की मांग की, ताकि इस जमीन का लाभ स्थानीय नागरिकों और युवाओं को मिल सके।










