राजनांदगांव। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आगामी 01 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ महारैली का आयोजन किया जा रहा है। इस महारैली में देशभर से कांग्रेस के नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल होंगे। छग से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में ज्यादा से ज्यादा कार्यकर्ता शामिल होंगे।
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा ने बताया कि लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में आयोजित यह महारैली संविधान, लोकतंत्र एवं आम मतदाताओं के मताधिकार की रक्षा के संकल्प का प्रतीक है।
श्री छाबड़ा ने कहा कि देश में चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता, मतदाता सूची की विश्वसनीयता एवं संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता को लेकर गंभीर सवाल उठाए जा रहे हैं। लोकतंत्र में जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए इन सवालों का जवाब मिलना और चुनावी व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित होना आवश्यक है, क्योंकि स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव ही लोकतंत्र की बुनियाद हैं।
उन्होंने कहा कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा करना देश के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। इसी उद्देश्य को लेकर दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित इस महारैली में देशभर के कांग्रेसजन एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे।
श्री छाबड़ा ने राजनांदगांव जिले के समस्त कांग्रेस नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अपील की है कि इंडिया गठबंधन एवं कांग्रेस संगठन के आह्वान पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जी के नेतृत्व में आयोजित इस महारैली में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर संविधान, लोकतंत्र एवं मताधिकार की रक्षा के संकल्प को मजबूती प्रदान करें।
















