गांव और समाज के विकास में महिला समूहों, युवा मंडलों एवं सामाजिक संगठनों की भागीदारी जरूरी : डॉ. हेमशंकर जेठमल साहू

0

रायपुर। अल्वा फाउंडेशन के चेयरमेन डॉ. हेमशंकर जेठमल साहू ने अवार्ड से सम्मानित होने के अवसर पर कहा कि गांव और समाज के समग्र विकास के लिए महिला समूहों, युवा मंडलों, संघों, मंचों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों को आगे आकर अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब समाज का प्रत्येक वर्ग विकास की जिम्मेदारी अपने हाथों में लेगा, तभी गांवों में सकारात्मक बदलाव आएगा और समाज सशक्त एवं आत्मनिर्भर बन सकेगा।

डॉ. साहू ने कहा कि महिला समूहों में सामाजिक और आर्थिक बदलाव लाने की अपार क्षमता है। वहीं, युवा मंडल गांवों में जागरूकता, शिक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा जनहित के कार्यों में अहम योगदान दे सकते हैं। विभिन्न संघों, मंचों एवं संगठनों को भी आपसी समन्वय के साथ जनकल्याणकारी गतिविधियों को बढ़ावा देना चाहिए।

उन्होंने सभी सामाजिक संगठनों से अपील की कि वे अपने-अपने गांव और समाज के विकास के लिए एक विशेष मुहिम शुरू करें। इस मुहिम के अंतर्गत लोगों को जागरूक करने, जरूरतमंदों की सहायता करने, युवाओं को सकारात्मक कार्यों से जोड़ने तथा महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाए।

डॉ. साहू ने कहा कि गांव का विकास केवल शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह हम सभी का सामूहिक दायित्व है। यदि महिला समूह, युवा मंडल और सामाजिक संगठन एकजुट होकर काम करें, तो गांवों की तस्वीर बदली जा सकती है और विकास को नई दिशा दी जा सकती है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सामूहिक प्रयास, जनभागीदारी और सामाजिक जागरूकता के माध्यम से एक सशक्त, समृद्ध एवं विकसित समाज का निर्माण किया जा सकता है।