राजनांदगांव। मिनीमाता शासकीय पॉलीटेक्निक, राजनांदगांव द्वारा ग्राम आरगांव में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर में आज 24 अक्टूबर को बौद्धिक परिचर्चा का आयोजन किया गया। शिविर की थीम नशा एवं टीबी मुक्त युवा, युवा भारत के लिए युवा है।
इस अवसर पर समाजसेवी एवं दैनिक दीप जागृति समाचार पत्र के संस्थापक प्रदीप शर्मा ने विद्यार्थियों को व्यक्तित्व विकास, सेवा संकल्प और एक अच्छा वॉलंटियर बनने के संबंध में मार्गदर्शन दिया।
प्रदीप शर्मा ने लगभग 50 छात्र-छात्राओं एवं ग्रामवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व और सेवा भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को एनएसएस, रेडक्रॉस सोसायटी एवं स्काउट-गाइड से जुड़कर समाजसेवा करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने अपने सामाजिक सेवा अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्हें स्वतंत्रता दिवस एवं गणतंत्र दिवस पर प्रभारी मंत्री द्वारा सम्मानित किया गया है। साथ ही, महामहिम राज्यपाल द्वारा छत्तीसगढ़ बेस्ट वॉलंटियर पुरस्कार से सम्मानित होना उनके लिए गौरव की बात है।
उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, मोबाइल के अनावश्यक उपयोग पर नियंत्रण रखने तथा टीबी उन्मूलन के लिए जागरूकता फैलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा अपनी ऊर्जा का उपयोग शिक्षा, रचनात्मक गतिविधियों और समाजसेवा में करें, ताकि स्वस्थ एवं जागरूक भारत के निर्माण में योगदान दे सकें।
कार्यक्रम में धर्मेंद्र साहू ने हेलमेट के उपयोग एवं यातायात नियमों के पालन के माध्यम से सड़क सुरक्षा की जानकारी दी। पत्रकार गोविंद गुप्ता ने पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण और घरेलू बीजों से पौधे तैयार करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम अधिकारी मोनिका दास ने बताया कि 23 से 29 अक्टूबर 2026 तक आयोजित इस शिविर में ग्राम भ्रमण, किचन शेड निर्माण, पेंटिंग, रंगोली, मेहंदी प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा पारंपरिक खेलों सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जागरूकता विकसित करना है।










