नवोदय विद्यालय ने गांवों में चलाया सामुदायिक सेवा अभियान

0

डोंगरगढ़। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय डोंगरगढ़ की ओर से ग्राम बदियाटोला और रांका में सामुदायिक सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। 6 से 11 सितंबर तक चलने वाले इस कार्यक्रम में स्वच्छता, नशा उन्मूलन, शिक्षा और स्वास्थ्य से संबंधित गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

कार्यक्रम के तहत गांव में स्वच्छता अभियान चलाया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी अनिल कुमार पाल, उप प्राचार्य संजय कुमार मंडल के मार्गदर्शन में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने ग्रामीणों के साथ मिलकर बदियाटोला की गलियों की सफाई की। इस दौरान ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। अभियान में स्थानीय ग्रामीणों ने भी उत्साह के साथ सहभागिता की।

सामुदायिक सेवा कार्यक्रम के दौरान युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया। विद्यालय की ओर से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा और नशा उन्मूलन को लेकर जागरूकता गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं। विद्यार्थियों और ग्रामीणों को नशे से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

राष्ट्रीय सेवा योजना के गोद ग्राम नागतराई में भी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। कार्यक्रम अधिकारी अनिल कुमार पाल के नेतृत्व में विभिन्न गांवों में सेवा एवं जागरूकता शिविर आयोजित किए जाते रहे हैं। उप प्राचार्य संजय कुमार मंडल के साथ मिलकर विद्यालय की टीम सामुदायिक सहभागिता और सेवा गतिविधियों में सक्रिय रूप से जुटी हुई है।

बदियाटोला में आयोजित स्वच्छता अभियान में ग्रामीण अनिल जोशी, रूपेश जोशी, प्रमोद मेहर सहित अन्य ग्रामीणों ने सहभागिता की। विद्यालय की ओर से बताया गया कि सामुदायिक सेवा कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को ग्रामीणों के साथ मिलकर सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।