राज्य स्तरीय शतरंज में स्वर्णा वर्मा ने जमाई धाक, अब राष्ट्रीय प्रतियोगिता में खेलेगी

1

राजनांदगांव। 26वीं राज्य स्तरीय शालेय शतरंज (चेस) प्रतियोगिता मुंगेली में दुर्ग संभाग का प्रतिनिधित्व करते हुए राजनांदगांव शहर की स्वर्णा वर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार जीत हासिल की है। इस सफलता के साथ अब वह राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ राज्य का प्रतिनिधित्व करेगी।
स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी उत्कृष्ट विद्यालय सुकुलदैहान की 13 वर्षीय कक्षा 8वीं की छात्रा स्वर्णा वर्मा ने अंडर 14 शतरंज वर्ग में लगातार जिला, संभाग और अब राज्य स्तर पर जीत हासिल कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया है। ज्ञात हो इससे पहले उन्होंने जिला और दुर्ग संभाग के लिए खेलते हुए रैंक 1 से जीत हासिल की थी, जिससे उनका चयन राज्य स्तर के लिए हुआ था, उनकी इस उपलब्धि से उनके विद्यालय, जिले और पूरे छत्तीसगढ़ का नाम रोशन हुआ है।
स्वर्णा वर्मा ने महज 5 वर्ष की उम्र से अपने पिता के साथ शतरंज खेलना शुरू कर दिया था और अब 13 वर्ष की उम्र में ही राष्ट्रीय स्तर पर खेलने अपनी जगह बनाई है। घर पर ही पिता के मार्गदर्शन में लगातार अभ्यास करते हुए उन्होंने इस खेल में अपनी रुचि और प्रतिभा को निखारा। छोटी उम्र से ही शतरंज के प्रति उनकी लगन और नियमित अभ्यास ने उन्हें आज इस मुकाम तक पहुंचाया है।
राज्य स्तर पर शानदार प्रदर्शन के बाद स्वर्णा अब मध्यप्रदेश के सीहोर में आयोजित अंडर-14 राष्ट्रीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगी। स्वर्णा का कहना है कि शतरंज केवल खेल नहीं, बल्कि सोचने, धैर्य रखने और सही रणनीति सीखने की एक कला है। उनका सपना है कि आगे चलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश के लिए खेलकर सफलता हासिल करें।
स्वर्णा वर्मा की इस सफलता पर राजनांदगांव जिला कलेक्टर एवं जिला शिक्षा अधिकारी तथा स्थानीय जन प्रतिनिधियों एवं उनके विद्यालय प्राचार्य, खेल प्रशिक्षक एवं परिवार ने उन्हें बहुत-बहुत बधाई दी है।