राजनांदगांव। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर संस्कारधानी के अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेल का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। पटरी पार क्षेत्र के युवा हॉकी खिलाड़ियों ने मैदान में उतरकर एक मैत्रीपूर्ण हॉकी मैच खेला और अपनी बेहतरीन खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए खेल भावना व फिटनेस का मजबूत संदेश दिया।
मेजर ध्यानचंद की स्मृति में आयोजित इस मैच में युवाओं ने पूरे जोश और अनुशासन के साथ भाग लिया। मैच का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं को मैदान से जोड़ना और नियमित खेल व शारीरिक गतिविधियों के जरिए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
खेलों से बढ़ता है अनुशासन और आत्मविश्वास
मैच के दौरान खिलाड़ियों ने कहा कि खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य को दुरुस्त रखने का सबसे सशक्त माध्यम हैं। नियमित खेलों से युवाओं में अनुशासन, परस्पर सहयोग, टीम भावना और आत्मविश्वास जैसे गुणों का विकास होता है।
अंतर्राष्ट्रीय स्तर के एस्ट्रोटर्फ मैदान पर खेले गए इस रोमांचक मुकाबले ने न केवल भाग लेने वाले खिलाड़ियों में ऊर्जा का संचार किया, बल्कि दर्शक बनकर पहुंचे क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी खेलों को अपनी दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया।










