दिग्विजय स्टेडियम में खेल गतिविधियां लगातार जारी रहेंगी, रणजी ट्रॉफी मैच कराने का लक्ष्य — योगेश बागड़ी
राजनांदगांव – दिग्विजय स्टेडियम समिति के सहसचिव योगेश बागड़ी ने जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू मुदलियार को पत्र लिखकर आश्वस्त किया है कि दिग्विजय स्टेडियम में खेल गतिविधियां पूर्व की तरह निरंतर जारी रहेंगी। उन्होंने कहा कि स्टेडियम के मैदान को बड़े आयोजनों के लिए तैयार करने का कार्य प्राथमिकता से किया जा रहा है और सभी के सहयोग से आने वाले समय में राजनांदगांव में रणजी ट्रॉफी जैसे प्रतिष्ठित क्रिकेट मैच आयोजित कराने का प्रयास किया जाएगा।

योगेश बागड़ी ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में इसी मैदान पर रानी सूर्यमुखी देवी मेमोरियल ऑल इंडिया फ्लडलाइट क्रिकेट टूर्नामेंट के दो बड़े आयोजन हो चुके हैं, जिन्हें शहर की खेलप्रेमी जनता ने देखा है। जीतू मुदलियार स्वयं भी इन आयोजनों में अतिथि के रूप में उपस्थित रहे हैं। इसके अलावा वर्षभर राज्य स्तरीय बालक एवं बालिका क्रिकेट प्रतियोगिताएं आयोजित होती रही हैं और आगे भी यह सिलसिला जारी रहेगा।*50 लाख रुपए खर्च होने की बात निराधार*
स्टेडियम मैदान पर 50 लाख रुपए खर्च किए जाने की बात को योगेश बागड़ी ने निराधार बताते हुए कहा कि वर्ष 2023 में जिला क्रिकेट एसोसिएशन की मांग पर तत्कालीन कलेक्टर तारन सिन्हा ने नगर निगम को एजेंसी बनाकर लगभग 20 लाख रुपए की स्वीकृति कराई थी। हालांकि इस राशि में से कितना खर्च हुआ, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। उन्होंने बताया कि उस समय मैदान का काम आधा ही हो पाया था। इसके बाद जिला क्रिकेट एसोसिएशन ने अपने स्तर पर मैदान में आवश्यक कार्य कर जून 2023 और फरवरी 2025 में ऑल इंडिया क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित किए। पिछले डेढ़-दो वर्षों से जिला क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा मैदान पर होने वाले आवश्यक खर्चों का वहन करते हुए राज्य स्तरीय बालक एवं बालिका क्रिकेट प्रतियोगिताएं भी आयोजित कराई जाती रही हैं।*15 लाख रुपए की स्वीकृति से मैदान के विकास कार्य प्रारंभ* योगेश बागड़ी ने बताया कि स्टेडियम समिति में सचिव रमेश पटेल एवं सहसचिव के रूप में मनोनयन के बाद उन्होंने विधायक डॉ. रमन सिंह से मैदान को बड़े आयोजनों के लिए तैयार कराने का आग्रह किया था। इसके परिणामस्वरूप 15 लाख रुपए की स्वीकृति प्राप्त हुई और विकास कार्य प्रारंभ किए गए हैं। हाल ही में स्टेडियम समिति की बैठक में इन कार्यों के लिए नगर निगम को एजेंसी बनाए जाने का प्रस्ताव भी अनुमोदित किया गया है।
उन्होंने कहा कि उनके मनोनयन के पूर्व स्टेडियम की स्थिति किसी से छिपी नहीं थी, लेकिन जिम्मेदारी मिलने के बाद उन्होंने प्राथमिकता के आधार पर व्यवस्थाओं में सुधार शुरू किया। एक सप्ताह के भीतर स्टेडियम के शौचालय एवं प्रसाधन कक्षों की सफाई और व्यवस्था दुरुस्त कराई गई।*खिलाड़ियों की सुविधाओं और सुरक्षा पर विशेष ध्यान* बागड़ी ने बताया कि खिलाड़ियों के लिए तीन-चार नए वाटर कूलर लगाने, स्टेडियम के चारों ओर रात्रि में रोशनी देने वाले ग्लो साइन बोर्ड लगाने, मैदान के अंदर ड्रेनेज की टूटी-फूटी नालियों का नवीनीकरण कराने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने जैसे कार्य किए गए हैं।
इसके अलावा रात्रि में असामाजिक तत्वों के जमावड़े को रोकने, स्टेडियम में लगी लिफ्ट को सुचारू रूप से चालू कराने, विद्युत व्यवस्था एवं जनरेटर को दुरुस्त कराने सहित अनेक कार्य किए गए हैं। स्टेडियम परिसर में लगभग नौ खेलों का एक माह का निशुल्क ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित कराया गया।*तीन माह में कई बड़ी खेल प्रतियोगिताओं को मिला सहयोग*
उन्होंने बताया कि पिछले तीन महीनों में बैडमिंटन, शतरंज, बास्केटबॉल और टेबल टेनिस सहित विभिन्न खेलों की बड़ी प्रतियोगिताओं के आयोजन में स्टेडियम समिति ने पूरा सहयोग किया है। समिति के सचिव एवं सहसचिव के मनोनयन के बाद स्टेडियम परिसर में खिलाड़ियों की संख्या और खेल आयोजनों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
वर्तमान में क्रिकेट के अलावा लगभग नौ अन्य खेलों की गतिविधियां प्रतिदिन स्टेडियम में संचालित हो रही हैं और सैकड़ों खिलाड़ी यहां अभ्यास एवं खेल गतिविधियों में भाग लेते दिखाई देते हैं।*राजनीति नहीं, खेल और खिलाड़ी प्राथमिकता*
योगेश बागड़ी ने कहा कि वे स्वयं पिछले लगभग 40 वर्षों से नियमित रूप से दिग्विजय स्टेडियम में खेलने आते रहे हैं तथा जिला एवं राज्य क्रिकेट संगठनों से भी लंबे समय से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि खेल और खेल संगठनों से वर्षों से जुड़े रहने के कारण उनकी पहली प्राथमिकता खेल और खिलाड़ी हैं।
उन्होंने कहा कि स्टेडियम में वर्षों से सक्रिय कांग्रेस के कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी उनकी खेल गतिविधियों और जुड़ाव से परिचित हैं। समिति के सचिव रमेश पटेल भी जिला एवं विश्वविद्यालय स्तर पर खेल चुके हैं। ऐसे में उनकी भी प्राथमिकता स्टेडियम में राजनीति नहीं, बल्कि खेल और खिलाड़ियों का विकास होना स्वाभाविक है।*अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्यूरेटर की देखरेख में तैयार होगा आउटफील्ड*
बागड़ी ने बताया कि दिग्विजय स्टेडियम के मैदान को उसकी ख्याति के अनुरूप तैयार करने के लिए रायपुर स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में कार्य कर चुके तथा बीसीसीआई से सम्मान प्राप्त क्यूरेटर शमीम मिर्जा की देखरेख में आउटफील्ड को बड़े मैचों के लिए उपयुक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सभी खेलप्रेमियों और खेल संगठनों के सहयोग से मैदान को बेहतर स्वरूप दिया जाएगा, ताकि भविष्य में बड़े स्तर की प्रतियोगिताओं का आयोजन संभव हो सके।*बारिश के कारण फिलहाल मैदान बंद*
योगेश बागड़ी ने बताया कि पिछले 15 दिनों से अत्यधिक बारिश के कारण मैदान में भारी जलभराव हुआ है और अभी भी मैदान में अत्यधिक नमी बनी हुई है। ऐसी स्थिति में मैदान पर आवाजाही होने से मिट्टी का दबाव बढ़ रहा है और आउटफील्ड के धंसने की स्थिति बन रही है। इसी कारण मैदान को फिलहाल कार्य पूर्ण होने तक बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बताया कि बारिश के कारण एक स्थान पर मिट्टी धंसने से गड्ढा बना था, जिसे विशेषज्ञों की देखरेख में ठीक कराया जाएगा। मैदान को सितंबर माह तक तैयार करने का लक्ष्य लेकर कार्य किया जा रहा है।*बरसात में मैदान पर हाईवा चलने की बात निराधार*
योगेश बागड़ी ने स्पष्ट किया कि बरसात के दौरान दिग्विजय स्टेडियम के मैदान के अंदर हाईवा चलने की बात पूर्णत: निराधार है। मैदान के लिए विशेष कछारी मिट्टी लाने के लिए ट्रैक्टर जरूर आए हैं, लेकिन उन्हें मैदान के खेलने वाले हिस्से में नहीं चलाया गया। ट्रैक्टरों की आवाजाही मैदान के किनारे वाले हिस्से में, सीमा रेखा के बाहर ही हुई है। उन्होंने बताया कि इस हिस्से में किए जा रहे कार्य को भी अगले एक सप्ताह में पूरी तरह व्यवस्थित कर लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मैदान की गुणवत्ता और आउटफील्ड की मजबूती को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जा रही है। विशेषज्ञों की देखरेख में ही आवश्यक कार्य किए जा रहे हैं, ताकि मैदान को बड़े एवं प्रतिष्ठित क्रिकेट आयोजनों के लिए बेहतर स्वरूप में तैयार किया जा सके।*“आपके सहयोग से राजनांदगांव में होगा रणजी मैच”*
योगेश बागड़ी ने जीतू मुदलियार को लिखे पत्र में कहा है कि खेलों के प्रति उनकी चिंता संस्कारधानी के खेलप्रेम की भावना के अनुरूप है। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी खेल गतिविधियों के लिए जीतू मुदलियार का सहयोग मिलता रहा है और आगे भी सभी के सहयोग की आवश्यकता रहेगी।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी के सहयोग से बहुत जल्द राजनांदगांव के दिग्विजय स्टेडियम में रणजी ट्रॉफी का प्रतिष्ठित मैच आयोजित होगा। उन्होंने कहा कि वे शीघ्र ही जीतू मुदलियार को स्वयं स्टेडियम में आमंत्रित करेंगे, ताकि उनके बहुमूल्य सुझाव प्राप्त कर मैदान को और बेहतर बनाया जा सके और बड़े आयोजनों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा सकें।















