राजनांदगांव। बसंतपुर स्थित क्लब चौक हनुमान मंदिर के समीप प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी शनिदेव समिति बसंतपुर के तत्वावधान में भगवान शनिदेव जयंती एवं लोकपर्व हरेली श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस दोहरे धार्मिक व सांस्कृतिक अवसर पर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण निर्मित रहा और बड़ी संख्या में वार्डवासियों का जनसैलाब उमड़ पड़ा।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान शनिदेव जी की वैदिक रीति-रिवाज से महापूजा एवं भव्य आरती से हुआ। शाम होते ही महाप्रसाद एवं भंडारे का विशाल आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया। रात्रि में प्रख्यात सलोनी वाले गजेंद्र महाराज जी एवं उनकी रामायण मंडली द्वारा प्रस्तुत संगीतमय रामायण ने समां बांध दिया। मंडली की मनमोहक प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे।
आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा उपस्थित रहे। उनके साथ विशिष्ट अतिथि पिंटू जोशी एवं शैलेंद्र सिंह भी शामिल हुए। नीलू शर्मा ने भगवान शनिदेव जी की महाआरती कर क्षेत्र की खुशहाली एवं समृद्धि की कामना की। इसके पश्चात समिति के सदस्यों द्वारा अतिथियों का पुष्पमाला एवं पुष्पगुच्छ से आत्मीय स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि ने मंच से रामायण मंडली के गजेन्द्र महाराज एवं उनके साथी कलाकारों का शॉल व श्रीफल भेंटकर अभिनंदन किया।
अपने उद्बोधन में नीलू शर्मा ने हरेली पर्व एवं शनिदेव जयंती की बधाई देते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में परस्पर एकता, भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करते हैं। यह हमारी प्राचीन परंपराओं और समृद्ध संस्कृति को भावी पीढ़ी तक ले जाने का सशक्त माध्यम हैं।
आयोजन को गरिमामय व सफल बनाने में शनिदेव समिति के संरक्षक एवं भाजपा युवा मोर्चा जिला मंत्री सुनील सेन, अध्यक्ष सुनील वैष्णव, सचिव विनोद यादव, सह-सचिव पप्पू निषाद, मंत्री ज्ञान ठाकुर, पुनाराम जी, मनसुख सोनकर, बलिराम, अशोक यादव, कुमार निर्मलकर एवं कुलदीप यादव सहित समस्त समिति सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही।
कार्यक्रम का सफल मंच संचालन शुभम यादव ने किया। अंत में समिति ने भव्य आयोजन में प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी वार्डवासियों व श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।










