राजनांदगांव। नेशनल जेवलिन डे के अवसर पर जिला एथलेटिक्स संघ की ओर से ग्राम सुंदरा स्थित गुरुकुल स्पोर्ट्स एकेडमी में 7 अगस्त को एक दिवसीय भाला फेंक प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में राजनांदगांव जिले के करीब 50 एथलीट्स ने हिस्सा लिया। बालक और बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती तरुणा साहू ने कहा कि 7 अगस्त भारतीय खेल जगत के लिए गौरवपूर्ण दिन है। नीरज चोपड़ा की उपलब्धियों और भाला फेंक खेल में उनके योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से जेवलिन डे मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि नीरज चोपड़ा ने मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प से देश के लाखों युवाओं के सामने मिसाल पेश की है।
उन्होंने कहा कि गांवों और छोटे शहरों में छिपी खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाएं और उचित मंच उपलब्ध कराने की जरूरत है। ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और खेल के प्रति समर्पित होकर आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ जीवनशैली का आधार भी है।
प्रतियोगिता के बालक एवं बालिका वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को 1000 रुपए, द्वितीय को 700 रुपए और तृतीय स्थान प्राप्त खिलाड़ियों को 500 रुपए की नकद राशि के साथ ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा पप्पू चंद्राकर, छत्तीसगढ़ हॉकी अध्यक्ष श्री फिरोज अंसारी, जिला एथलेटिक्स संघ अध्यक्ष श्री विवेक शुक्ला, जिला ओलंपिक संघ अध्यक्ष श्री अतुल चोपड़ा, जिला एथलेटिक्स संघ सचिव श्री रणविजय प्रताप सिंह, कोषाध्यक्ष श्री राजेंद्र यादव, ग्राम पंचायत सुंदरा के सरपंच श्री दीपेंद्र साहू और एनआईएस कोच श्री कमता प्रसाद यादव सहित खेल संघ के पदाधिकारी, खिलाड़ी और खेलप्रेमी उपस्थित रहे।










