राजनांदगांव। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राजनांदगांव एवं दुर्ग इकाई के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को हेमचंद यादव विश्वविद्यालय पहुंचकर विभिन्न छात्र समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया तथा कुलपति के नाम ज्ञापन सौंपा। परिषद ने विश्वविद्यालय में लंबे समय से चली आ रही शैक्षणिक एवं प्रशासनिक अव्यवस्थाओं पर नाराजगी जताते हुए त्वरित सुधार की मांग की।
ज्ञापन में विश्वविद्यालय द्वारा शैक्षणिक कैलेंडर का पालन नहीं किए जाने, परिणामों में विलंब, पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया की धीमी गति, पीएचडी प्रवेश परीक्षा एवं शोधार्थियों से जुड़ी समस्याओं सहित कई महत्वपूर्ण विषयों को उठाया गया। परिषद ने यह भी आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय की लापरवाही का सीधा असर विद्यार्थियों के भविष्य पर पड़ रहा है।
अभाविप ने गणित एवं अन्य विषयों के खराब परीक्षा परिणाम, बार-बार परिणाम विथहेल्ड होने, रिक्त पदों पर नियुक्तियां नहीं होने तथा संबद्ध महाविद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता की निगरानी की कमी जैसे मुद्दों पर भी विश्वविद्यालय प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।
इस अवसर पर राजनांदगांव जिला संयोजक धनंजय पांडे ने कहा कि हेमचंद यादव विश्वविद्यालय में लंबे समय से शैक्षणिक एवं प्रशासनिक अव्यवस्थाएं बनी हुई हैं, जिसका सीधा प्रभाव विद्यार्थियों के भविष्य पर पड़ रहा है। समय पर परिणाम घोषित न होना, पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया में विलंब, पीएचडी प्रवेश परीक्षा का नियमित आयोजन न होना तथा रिक्त पदों पर नियुक्तियां नहीं होना विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है। विद्यार्थी परिषद लगातार छात्र हितों के मुद्दों को उठाती रही है, लेकिन समस्याओं का निराकरण नहीं होने के कारण आज ज्ञापन के माध्यम से विश्वविद्यालय प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया है। यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो परिषद व्यापक आंदोलन के लिए बाध्य होगी।
राजनांदगांव जिला केंद्र नगर मंत्री अक्षत श्रीवास्तव ने बताया कि विश्वविद्यालय से संबद्ध विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों से लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। एनईपी के परिणामों में विलंब, विथहेल्ड परिणाम, पुनर्मूल्यांकन में देरी तथा प्रवेश संबंधी समस्याओं के कारण विद्यार्थियों को मानसिक एवं शैक्षणिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विश्वविद्यालय का दायित्व केवल परीक्षाएं आयोजित करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को समयबद्ध एवं पारदर्शी शैक्षणिक व्यवस्था उपलब्ध कराना भी है। विद्यार्थी परिषद छात्र हितों से जुड़े प्रत्येक विषय पर सजग है और जब तक समस्याओं का समाधान नहीं होगा, तब तक विद्यार्थियों की आवाज बुलंद करती रहेगी।
प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की। परिषद ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान समय रहते नहीं किया गया तो आगामी दिनों में व्यापक आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन के समय प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रति गढ़वाल, हर्ष वर्मा, वैभव सिंह, सह नगरमंत्री भूपेंद्र पाल, मोहित साहू एवं अन्य कार्यकर्ता एवं विद्यार्थी शामिल रहे।
Home छत्तीसगढ़ राजनांदगाँव समस्याओं को लेकर अभाविप का हेमचंद यादव विश्व विद्यालय में प्रदर्शन, कुलपति...










