आफताब आलम देश की महिलाएं सबसे ज्यादा आर्थिक संकट झेल रही है- आफताब
केंद्र सरकार जवाब दे, राहत कब मिलेगी राजनांदगांव, 3 मई। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के संयुक्त महासचिव आफताब आलम ने कहा कि देश आज महंगाई की भीषण मार झेल रहा है।

रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल, खाद्य सामग्री, दाल, तेल, दूध और सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं, लेकिन केंद्र की भाजपा सरकार आम जनता की पीड़ा से पूरी तरह बेपरवाह नजर आ रही है। श्री आलम ने कहा कि यह कांग्रेस का स्पष्ट आरोप है कि यह महंगाई प्राकृतिक नहीं, बल्कि केंद्र सरकार द्वारा बनाई गई आर्थिक आपदा है।
जनता की जेब काटकर टैक्स वसूली करना ही वर्तमान सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि बन चुकी है। पेट्रोल-डीजल पर भारी केंद्रीय टैक्स लगाकर सरकार ने महंगाई की आग पूरे देश में फैला दी है, जब कच्चे तेल के अंतर्राष्ट्रीय दाम कम हुए तब जनता को राहत क्यों नहीं दी गई? रसोई गैस की कीमतों ने गरीब और मध्यम वर्ग की रसोई बुझा दी है। आज देश की महिलाएं सबसे ज्यादा आर्थिक संकट झेल रही है।श्री आलम ने कहा कि आज जनमानस के बीच एक ही सवाल है कि क्या ‘अच्छे दिन का मतलब महंगाई का बोझ है’ क्या सरकार केवल बड़े उद्योगपतियों के लिए चल रही है। आम आदमी, किसान, मजदूर और युवा आखिर कब तक आर्थिक शोषण सहेंगे।
सच्चाई यह है कि केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों, बेरोजगारी और आय घटने के कारण जनता दोहरी मार झेल रही है, कमाई कम, खर्चा ज्यादा है। छत्तीसगढ़ सहित कांग्रेस शासित राज्यों ने यह साबित किया है कि यदि सरकार की नीयत जनता के साथ हो तो राहत संभव है। किसानों को समर्थन, सस्ती बिजली, सामाजिक सुरक्षा और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से जनता को वास्तविक मदद दी जा सकती है।
कांग्रेस पार्टी केंद्र सरकार से तत्काल मांग करती है कि पेट्रोल-डीजल व रसोई गैस पर केंद्रीय करों में बड़ी कटौती की जाए। आवश्यक वस्तुओं की कीमत नियंत्रित करने हेतु राष्ट्रीय महंगाई नियंत्रण योजना लागू की जाए। गरीब और मध्यम वर्ग को प्रत्यक्ष आर्थिक राहत पैकेज दिया जाए। बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार सृजन पर तत्काल राष्ट्रीय कार्यक्रम घोषित किया जाए।










