शुभम उपाध्याय राजनांदगांव -9827297020
संकल्प बजट से विकास को नई दिशा संस्कारधानी को मिलेगी प्रगति की रफ्तार➡️ सर्वांगीण विकास का बजट, हर क्षेत्र में नई उम्मीद
राजनांदगांव।छत्तीसगढ़ विधानसभा में प्रस्तुत संकल्प बजट को लेकर शहर में सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।
संस्कारधानी सेवा संस्थान के प्रमुख सदस्यों संजय तेजवानी, अमित खंडेलवाल एवं राजू डागा ने बजट को राज्य के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र को नई गति और नई दिशा देने वाला है।

संस्थान के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि प्रस्तुत बजट में विकास की जो रूपरेखा सामने आई है, उससे छत्तीसगढ़ प्रगति के नए आयाम स्थापित करेगा और आमजन को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। संस्कारधानी सेवा संस्थान के प्रतिनिधियों ने अपने योग्य जनप्रतिनिधियों से राजनांदगांव शहर के समग्र विकास हेतु विशेष पहल करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि शहर में एक बड़े एवं आधुनिक व्यावसायिक बाजार की स्थापना की आवश्यकता है जिससे व्यापार को नई पहचान और रोजगार के अवसर मिल सकें। इसके साथ ही शहर के समीप बड़े उद्योगों की स्थापना की मांग भी रखी गई जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिल सके और क्षेत्र आर्थिक रूप से सशक्त बने।
संस्थान के सदस्यों ने राजनांदगांव जिसे राजाओं की नगरी के नाम से भी जाना जाता है में भविष्य को ध्यान में रखते हुए मेट्रो ट्रेन परियोजना की संभावना पर भी विचार करने की अपील की। उनका मानना है कि यदि शहर में आधुनिक परिवहन व्यवस्था विकसित होती है तो इससे व्यापार, शिक्षा, पर्यटन एवं उद्योग सभी क्षेत्रों में अभूतपूर्व वृद्धि होगी।
संस्कारधानी सेवा संस्थान ने विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ की तर्ज पर विकसित संस्कारधानी का संकल्प दोहराया। उन्होंने अपने सक्षम एवं विकास पुरुष जनप्रतिनिधियों से अपेक्षा व्यक्त की कि वे शहर के व्यापक विकास के लिए ठोस और दूरदर्शी कदम उठाएंगे। अंत में संस्थान के पदाधिकारियों ने कहा कि यह बजट प्रदेश के लिए आशा और विश्वास का दस्तावेज है और यदि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए तो राजनांदगांव सहित पूरा छत्तीसगढ़ प्रगति के नए शिखर पर पहुंचेगा।











