आसिफ अली की सजगता से 32 नाम विलोपन की साजिश हुई नाकाम, लोकतंत्र की रक्षा में कांग्रेस की बड़ी जीत

0

राजनांदगांव। शहर के राजेंद्र प्रसाद वार्ड में 32 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से विलोपित करने की साजिश कांग्रेसी नेता आसिफ अली की सजगता से विफल हो गई। फार्म-7 के माध्यम से “स्थायी रूप से स्थानांतरित” दर्शाकर मतदाताओं के नाम हटाने की कोशिश की गई थी, जिसका तथ्यात्मक भंडाफोड़ आसिफ अली ने किया।

आसिफ अली ने मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद तहसीलदार से मुलाकात की और सूची का अवलोकन कराया। तहसीलदार ने स्पष्ट किया कि ज्ञापन में उल्लिखित सभी 32 नाम अंतिम मतदाता सूची में विधिवत दर्ज हैं। इससे यह सुनिश्चित हुआ कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम विलोपित नहीं हुआ है, और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में कोई गड़बड़ी नहीं हुई।

आसिफ अली ने तहसीलदार को निष्पक्ष जांच के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि प्रशासन की पारदर्शी कार्यवाही से जनता का लोकतांत्रिक प्रक्रिया में विश्वास और मजबूत होता है।

उन्होंने इस पूरी घटना में साथ खड़े रहने वाले कांग्रेसजनों—पूर्व अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा, पूर्व महापौर हेमा देशमुख, शहर कांग्रेस कमेटी के पूर्व कार्यवाहक अध्यक्ष रमेश डाकलिया, जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता अनीस खान, अमित चंद्रवंशी, पार्षद छोटे लाल रामटेके, मण्डल अध्यक्षगण और अन्य कांग्रेसी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

आसिफ अली ने यह भी दोहराया कि कांग्रेस पार्टी हमेशा मताधिकार की रक्षा के लिए सजग रहेगी और भविष्य में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी के खिलाफ आवाज उठाती रहेगी।