पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय सुकमा-1 में गतिविधि बैगलेस डे के अंतर्गत प्राकृतिक गुलाल निर्माण का आयोजन

0

सुकमा। पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय सुकमा-1 में बैगलेस डे गतिविधि के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए एक विशेष शैक्षिक एवं रचनात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को बिना किसी रासायनिक पदार्थ के पूर्णतः प्राकृतिक तरीके से गुलाल बनाना सिखाया गया। विद्यार्थियों ने फूलों एवं सब्जियों से प्राकृतिक रंग तैयार कर पर्यावरण अनुकूल होली के महत्व को समझा।
इस कार्यक्रम में मां बम्लेश्वरी जनहित कार्य समिति, राजनांदगांव से विशेष रूप से प्रशिक्षकों को आमंत्रित किया गया। प्रशिक्षक सुश्री सुरेखा साहू, सुश्री कामेश्वरी साहू एवं सुश्री यमुना साहू ने विद्यार्थियों को प्राकृतिक गुलाल बनाने की विधि का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया तथा इसके स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संबंधी लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के प्राचार्य संजय मंडल के मार्गदर्शन में किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्राकृतिक रंगों का उपयोग न केवल स्वास्थ्य के लिए सुरक्षित है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों में सृजनात्मकता, वैज्ञानिक दृष्टिकोण तथा स्वच्छ एवं हरित जीवनशैली के प्रति जागरूकता विकसित हुई।
इस अवसर पर व्यावसायिक शिक्षा के महत्व पर भी विशेष प्रकाश डाला गया। विद्यार्थियों को बताया गया कि इस प्रकार की व्यवहारिक गतिविधियां उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरित करती हैं। प्राकृतिक गुलाल निर्माण जैसी प्रक्रियाएं कौशल विकास, लघु उद्यम की संभावनाओं तथा स्थानीय संसाधनों के उपयोग की समझ को बढ़ाती हैं। बैगलेस डे का उद्देश्य केवल पुस्तक ज्ञान तक सीमित न रहकर विद्यार्थियों को जीवनोपयोगी कौशल प्रदान करना भी है, जिससे वे भविष्य में स्वरोजगार एवं नवाचार की दिशा में आगे बढ़ सकें।
विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की तथा सभी को सुरक्षित, स्वच्छ एवं पर्यावरण-अनुकूल होली मनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
गुलाल के साथ-साथ विभिन्न प्रकार के महुआ रागी, जवार बाजार, मोटे अनाज के लड्डू बनाने की कार्यशाला भी आयोजित की गई। इस प्रकार की कार्यशाला आज तक कभी भी स्कूल में नहीं कराई गई थी। बच्चों में एक नया उमंग और उत्साह के साथ सीखने की भावना दिखाई दी। इन चीजों की इन क्षेत्रों में बहुत ज्यादा उपलब्ध है, यहां प्रशिक्षण रोजगारपरक और बहुत सारी चीजों को सिखाने वाला था। गुलाल बनाना, लड्डू बनाना बच्चों ने बहुत आनंद में ढंग से मजा लिया।
प्राचार्य संजय कुमार मंडल ने प्रशिक्षकों और एवं सभी शिक्षकों को बहुत-बहुत धन्यवाद दिया, जिन्होंने प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से इस कार्यक्रम में अपनी सहभागिता दी। प्रभारी शिक्षक मलय कुमार, वेद प्रकाश, संजय कुमार, अमन पंथी सभी शिक्षकों को धन्यवाद दिया।