गुरुनानक देव जी के प्रकाश पर्व पर शोभायात्रा का हिंदू जागरण मंच ने किया स्वागत

8

राजनांदगांव। सिख धर्म के संस्थापक और मानवता के प्रतीक श्री गुरु नानक देव जी का 556वां प्रकाश पर्व 5 नवंबर को मनाया जाएगा। इससे पहले सोमवार को गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा द्वारा पंच प्यारों की अगुवाई में गुरु ग्रंथ साहिब की भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
शोभायात्रा गुरुद्वारा परिसर से शुरू होकर मुख्य मार्गों से होती हुई तिरंगा चौक गंज लाइन पहुंची। इस दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने फूलों की वर्षा कर स्वागत किया। तिरंगा चौक पर हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने फूलमालाओं से शोभायात्रा का आत्मीय स्वागत किया। शोभायात्रा में घोड़ों पर सवार नन्हे बच्चे, पंच प्यारों की अगुवाई और कीर्तन करते कीर्तनी जत्थे आकर्षण का केंद्र रहे। पूरे मार्ग में वाहे गुरु जी का खालसा, वाहे गुरु जी की फतेह के जयघोष से वातावरण गुंजायमान हो उठा।
हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन से मानवता, प्रेम, सत्य और भाईचारे का संदेश दिया। उनके बताए रास्ते आज भी समाज को एकता और सद्भावना की ओर प्रेरित करते हैं। कार्तिक पूर्णिमा के दिन मनाया जाने वाला यह पर्व गुरु नानक देव जी के जन्म दिवस के रूप में पूरे देश में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाता है।
शोभायात्रा के स्वागत में सुशील लड्ढा, प्रवीण शर्मा, प्रभात गुप्ता, राजा हेमलाल ढीमर, महेंद्र जंघेल, हरीश भानुशाली, रिंकू तिवारी, जुगल किशोर गुप्ता, राकेश कालू भाई, रोहित तिवारी, ऋषभ मल, राज सोनकर, राज बहादुर सिंह, शिव शर्मा, दिनेश झूलन, सविता बोस, मौसमी शर्मा सहित हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पूरे शहर में शोभायात्रा को लेकर भक्तिमय माहौल रहा। श्रद्धालुओं ने गुरु नानक देव जी के जयकारों से शहर की फिजाओं को गुंजायमान कर दिया।