भारतीय हॉकी के 100 साल पूरे, राजनांदगांव में खेल भावना के रंग – रैली, क्विज़ और प्रदर्शन मैचों से गूंजे स्कूल

1

राजनांदगांव। भारतीय हॉकी के 100 वर्ष पूरे होने पर राजनांदगांव में खेल का उत्सव शुरू हो गया है। छत्तीसगढ़ हॉकी के मार्गदर्शन में जिला हॉकी संघ द्वारा साप्ताहिक कार्यक्रमों की श्रृंखला चलाई जा रही है। जिले के अलग-अलग स्कूलों में रैली, संगोष्ठी, कार्यशाला, क्विज़ प्रतियोगिता और प्रदर्शन हॉकी मैच आयोजित किए जा रहे हैं।

पहले दिन नीरज इंटरनेशनल स्कूल में रैली निकाली गई। इसके बाद संगोष्ठी और कार्यशाला का आयोजन हुआ, जिसमें करीब 600 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। छात्रों ने हाथों में बैनर लेकर खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।

दूसरे दिन रॉयल किड्स कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल में “भारतीय हॉकी का इतिहास” विषय पर संगोष्ठी और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता हुई। इसमें 500 से ज्यादा छात्रों ने हिस्सा लिया। विजेताओं को जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष ने पुरस्कृत किया।

इसी क्रम में रुद्राक्षम वेलफेयर सोसाइटी ने चिखली हाई स्कूल मैदान में रैली, क्विज़, संगोष्ठी और प्रदर्शन हॉकी मैच कराया। इस आयोजन में 200 खिलाड़ी शामिल हुए। वहीं गुरुनानक हायर सेकेंडरी स्कूल में भी क्विज़ और संगोष्ठी कार्यक्रमों में 400 से अधिक छात्रों ने उत्साह से भाग लिया।

कार्यक्रमों में विशेष रूप से मौजूद रहे — छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज अंसारी, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे, वरिष्ठ पार्षद शिव वर्मा, नीरज इंटरनेशनल स्कूल से एकता गांधी, विकास वैष्णव, आशीष मिश्रा, रॉयल किड्स कॉन्वेंट के प्राचार्य अभिषेक खंडेलवाल व रिजवान खान, चिखली से पार्षद सुनील साहू तथा गुरुनानक स्कूल से योगेश द्विवेदी, अमरजीत कौर गरचा, हरजीत बहल, रुपेश सिंह, अवनीत भाटिया और महिमा यादव।

अधिकारियों ने कहा कि इन आयोजनों का उद्देश्य युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ाना और भारतीय हॉकी की गौरवशाली विरासत से उन्हें जोड़ना है। आने वाले दिनों में जिले के अन्य स्कूलों में भी इस तरह के कार्यक्रम होंगे, ताकि नई पीढ़ी हॉकी के स्वर्णिम इतिहास से प्रेरणा ले सके।