‘वोट चोर गद्दी छोड़’ अभियान शुरू, ब्लॉक कांग्रेस ने चलाया हस्ताक्षर अभियान

1

राजनांदगांव। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर शहर उत्तर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान की शुरुआत की। ब्लॉक अध्यक्ष आसिफ अली की अगुवाई में मंडल व सेक्टर में डोर-टू-डोर में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने अभियान में हिस्सा लिया और हस्ताक्षर कर विरोध दर्ज कराया।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष आसिफ अली ने बताया कि भाजपा सरकार ने जनमत का अपमान किया है। लोकतंत्र की रक्षा के लिए कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष कर रही है। इसी कड़ी में शहर उत्तर ब्लॉक स्तर पर यह हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है, ताकि जनता की आवाज सरकार तक पहुंचे।
कार्यकर्ताओं ने वार्डों और मोहल्लों में जाकर लोगों को अभियान से जोड़ा। बताया गया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और अन्य क्षेत्रों में भी इसे विस्तार दिया जाएगा।
हस्ताक्षर कर रहे लोगों ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का मत ही सर्वोपरि होता है। अगर उसमें हेराफेरी होती है, तो यह जनता के साथ धोखा है। जनता अब जागरूक है और ऐसे लोगों को गद्दी पर नहीं देखना चाहती।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बताया कि आने वाले दिनों में शहर के अन्य सेक्टरों और वार्डों में भी इसी तरह अभियान चलाकर ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ा जाएगा।