संगीत विश्व विद्यालय की नई कुलपति का विरोध, एबीवीपी ने लवली शर्मा गो बैक के नारे लगाए

0

खैरागढ़। लंबे अंतराल के बाद इंदिरा कला संगीत विश्व विद्यालय में कुलपति की नियुक्ति हुई। राज्यपाल के उपसचिव ने 9 अप्रैल को दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट, आगरा में प्रोफेसर डॉ. लवली शर्मा को इंदिरा कला संगीत विश्व विद्यालय की नई कुलपति के रूप में नियुक्त करने के संबंध में आदेश जारी किया था। कुलपति की नियुक्ति को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।
राजभवन ने 9 अप्रैल 2025 को प्रोफेसर लवली शर्मा को विश्व विद्यालय का नया कुलपति नियुक्त किया है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने उस नियुक्ति का विरोध शुरू कर दिया है। परिसर में लवली शर्मा गो बैक के नारे लग रहे हैं।
विश्व के सबसे बड़े छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सहमंत्री अमन बृज नामदेव व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य गुलशन भगत के नेतृत्व में इंदिरा कला संगीत विश्व विद्यालय के मुख्य द्वार के बाहर प्रदर्शन किया और लवली शर्मा वापस जाओ, लवली शर्मा मुर्दाबाद, भ्रष्टाचारी कुलपति नहीं सहेंगे के नारे लगाए और शासन-प्रशासन से लवली शर्मा की नियुक्ति रद्द करने की मांग की।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रदेश सहमंत्री एवं विभाग संयोजक अमन ब्रिज नामदेव का कहना है कि प्रो. लवली शर्मा जब ग्वालियर के राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्व विद्यालय में कुलपति के पद पर पदस्थ थी उस दौरान उन्होंने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए अपने परिवारजनों को फायदा पहुंचाने का कार्य किया, यही नहीं हमारी राष्ट्रमाता भारत माता की फोटो को भी हटाने का कार्य किया, ऐसे ही कई भ्रष्टाचार उन्होंने किए, ऐसी भ्रष्ट महिला को हम एशिया के पहले संगीत विश्व विद्यालय के नाम से विख्यात इंदिरा कला संगीत विश्व विद्यालय में कदम भी नहीं रखने देंगे, जब तक लवली शर्मा की नियुक्ति रद्द नहीं की जाती तब तक हमारा विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा और साथ ही सरकार को चेतावनी दी है कि अगर यह नियुक्ति रद्द नहीं की गई तो वे प्रदेशव्यापी उग्र आंदोलन करंगे। छत्तीसगढ़ बंद का भी ऐलान कर सकते हैं।
विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से प्रांत सह मंत्री व विभाग संयोजक अमन बृज नामदेव, प्रदेश कार्यकारणी सदस्य गुलशन भगत, नगर मंत्री ऋतिक कंडरा, नगर सह मंत्री हर्ष वर्मा, राजहंस वर्मा, चित्रसेन साहू, विनय साहू, प्रदीप कदम, लक्की चंदराकर, शुभम चंद्राकर, खेमराज पाल, जितेश बिसेन, महेश पटेल व बड़ी संख्या में एबीवीपी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।