शक्तिधाम में नवरात्रि की तैयारियाँ जोरो पर, सात दिवसीय वैदिक महालक्ष्मी महायज्ञ का आयोजन

1

राजनांदगाँव। शक्तिधाम महाकाली मंदिर एवं शक्तिधाम अघोर शोध एवं जनकल्याण आश्रम बाबुटोला वार्ड नंबर 1 में चैत्र नवरात्र को लेकर तैयारियाँ लगभग पूरी हो चुकी हैं। शक्तिधाम धर्मार्थ सेवा समिति के संरक्षक गुरुदेव हरीश यादव के मार्गदर्शन में अध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारी नवरात्र पर्व को भक्ति और उत्साह के साथ मनाने की तैयारियों की समीक्षा की।

ज्ञात हो कि आगामी 19 मार्च से चैत्र नवरात्र प्रारम्भ होगा। गुरुदेव हरीश यादव ने बताया कि इस वर्ष भी मंदिर में नवरात्रि पर्व भक्तिमय माहौल में मनाया जाएगा। पिछले दिनों शक्तिधाम अघोर शोध एवं जनकल्याण आश्रम का भूमिपूजन किया गया, जो अघोर साधना और जनकल्याण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

मंदिर में नवरात्र के दौरान विशेष आयोजन होंगे। 18 मार्च को बिरही भिगाने की परंपरा, 19 मार्च को घट स्थापना और ज्योति प्रज्ज्वलन के साथ नवरात्र का विधिवत शुभारंभ होगा। इस वर्ष सात दिवसीय वैदिक महालक्ष्मी महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह देखा जा रहा है।

पंचमी को माँ महाकाली का विशेष श्रृंगार होगा, तत्पश्चात भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। 26 मार्च को अष्टमी हवन दोपहर 3 बजे से होगा। हवन के बाद निःसंतान दंपतियों को संतान प्राप्ति हेतु माँ महाकाली का अर्जी, श्रीफल और भभूति वितरित किया जाएगा। नवमी, 27 मार्च को शाम 6 बजे सेवा भजन और विसर्जन शोभायात्रा निकाली जाएगी।

गुरुदेव ने बताया कि इस बार भी मंदिर में मनोकामना ज्योति जलाने दूर-दूर से श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुँच रहे हैं।