विकसित कृषि संकल्प अभियान अंतर्गत कलडबरी में कृषकों के सहयोग से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

2

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित विकसित कृषि संकल्प अभियान के अंतर्गत आज ग्राम कलडबरी, विकासखंड-छुरिया में एक महत्वपूर्ण किसान जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अभियान को ऑल्वा फाउंडेशन एवं सृष्टिपूजा फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी, डोंगरगांव का सहयोग प्राप्त है।
इस कार्यक्रम में ग्राम पंचायत कलडबरी की सरपंच जंत्री बाई, उपसरपंच टैटूराम रावते एवं पंचगण राजेन्द्र साहू, लोकेश्वरी निषाद, टीमें बाई कतलाम, फुलेश्वरी कतलाम, लीला बाई साहू, खिलेश्वरी साहू, दिलेश्वरी पटेल, सचिव तोरण लाल राणा ने सक्रिय भागीदारी दी और किसानों को अभियान की जानकारी दी।
कार्यक्रम में किसानों को नवीनतम कृषि तकनीकों, प्राकृतिक खेती, धान अवशेष प्रबंधन जल संरक्षण, फसल विविधीकरण एवं किसान उत्पादक संगठनों की भूमिका के बारे में विस्तार से बताया गया।
विश्वास त्रिपाठी (कृषि विशेषज्ञ) ने धान के पराली प्रबंधन पर अपना व्याख्यान प्रस्तुत करते हुए बताया कि किस प्रकार किसान धान की कटाई के बाद बचे खेतों का उपयोग अन्य फसलों की खेती में कर सकते हैं। इससे किसानों की आमदनी में वृद्धि होगी तथा मृदा की गुणवत्ता भी बनी रहेगी। उन्होंने यह भी बताया कि परंपरागत खेती के साथ-साथ वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाकर किसान कम लागत में बेहतर उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं।
ऑल्वा फाउंडेशन के प्रतिनिधि हेमशंकर जेठमल साहू ने कार्यक्रम में किसानों को संबोधित करते हुए किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) की महत्ता और लाभों की जानकारी दी। उन्होंने बताया किए
एफपीओ किसानों को एकजुट कर बाजार से सीधे जुड़ने का माध्यम बनता है। इसके माध्यम से किसान सामूहिक रूप से बीज, खाद, उपकरण और अन्य संसाधनों की खरीद कर सकते हैं, जिससे लागत में कमी आती है। साथ ही, संगठित रूप से विपणन कर अधिक लाभ प्राप्त कर सकते हैं। सरकार भी एफपीओ के माध्यम से अनुदान, प्रशिक्षण और वित्तीय सहायता प्रदान करती है। यह मॉडल किसानों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाता है।
कार्यक्रम के दौरान ऑल्वा फाउंडेशन की टीम एवं सृष्टिपूजा फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी के प्रतिनिधियों ने किसानों को सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं जैसे कि मृदा स्वास्थ्य कार्ड, पीएम-किसान योजना, फसल बीमा योजना, जैविक खेती प्रोत्साहन योजना आदि की जानकारी दी और इनसे लाभ लेने हेतु प्रक्रिया बताई।
इस अभियान का उद्देश्य किसानों को उन्नत एवं टिकाऊ खेती की ओर प्रेरित करना है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में खाद्य सुरक्षा, आर्थिक समृद्धि एवं पर्यावरण संतुलन को सुनिश्चित किया जा सके।
गांव के किसान भाइयों एवं बहनों ने इस कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया और कृषि नवाचारों को अपनाने की इच्छा जाहिर की। अंत में सभी प्रतिभागियों ने विकसित कृषि संकल्प अभियान को सफल बनाने की शपथ ली।