युवा संसद में छात्रों की जोरदार बहस, गूंजे लोकतंत्र के स्वर

13

डोंगरगढ़। पीएमश्री स्कूल, जवाहर नवोदय विद्यालय डोंगरगढ़ में बुधवार को 27वीं क्षेत्रीय युवा संसद का आयोजन बड़े उत्साह और गरिमामयी वातावरण में किया गया। भोपाल संभाग स्तर पर आयोजित इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ और ओडिशा के विभिन्न नवोदय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर लोकतंत्र की कार्यप्रणाली को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मंच पर मुख्य अतिथि के रूप में राजनांदगांव सांसद संतोष पांडे, पूर्व विधायक विनोद खांडेकर, सरस्वती शिशु मंदिर के प्राचार्य एवं छग माध्यमिक शिक्षा मंडल के सदस्य प्रकाश यादव, नवोदय समिति भोपाल के सहायक आयुक्त लेखराज मीणा, जेएनवी दमोह के प्राचार्य अशोक त्रिपाठी और जेएनवी विदिशा के प्राचार्य जितेंद्र मिश्रा उपस्थित रहे।
सांसद संतोष पांडे ने छात्रों को संबोधित करते हुए संसदीय व्यवस्था की बारीकियों को सरल भाषा में समझाया। उन्होंने कहा कि भारत अपने संविधान और नियमों के दम पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऑपरेशन सिंदूर जैसे मिशनों से लेकर वैश्विक मंचों पर भारत की मजबूती, इन सबके पीछे लोकतांत्रिक व्यवस्था की ही ताकत है।
कार्यक्रम में जेएनवी बिलासपुर, महासमुंद और कोरापुट (ओडिशा) के विद्यार्थियों ने संसद की कार्यवाही का अनुकरण करते हुए विभिन्न समसामयिक मुद्दों पर चर्चा की। शिक्षा और स्वास्थ्य सुधार, पर्यावरण संरक्षण, महिला सुरक्षा, सामाजिक न्याय, संचार साधनों की भूमिका जैसे विषयों पर गहन और तार्किक बहस हुई। छात्रों की प्रस्तुति ने मौजूद अतिथियों और शिक्षकों को प्रभावित किया।
डोंगरगढ़ विद्यालय के प्राचार्य एसके मंडल ने कहा कि युवा संसद जैसे आयोजनों से छात्रों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और लोकतांत्रिक समझ विकसित होती है।
पूर्व विधायक विनोद खांडेकर ने भी छात्रों की प्रस्तुति को सराहते हुए कहा कि नवोदय विद्यालय के छात्र हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए युवाओं को ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम का संचालन राम कुमार चंद्रा ने किया, जबकि वरिष्ठ शिक्षक ओम प्रकाश चौरसिया ने आभार प्रदर्शन किया। आयोजन को सफल बनाने में स्नेह अग्रवाल, अनिल कुमार पाल, दीपचंद चौरसिया, कृष्ण कुमार, जानकी उईके सहित पूरे स्टाफ का सहयोग रहा। अशोक कुमार बिसेन ने खान-पान का प्रबंध बहुत अच्छे से किया।
दमोह के प्राचार्य अशोक त्रिपाठी की विशेष भूमिका को लेकर डोंगरगढ़ के प्राचार्य संजय मंडल ने आभार जताया। उन्होंने विदिशा के प्राचार्य जितेंद्र मिश्रा को युवा संसद में निर्णायक भूमिका निभाने के लिए धन्यवाद दिया।
पूरा कार्यक्रम नवोदय विद्यालय समितिए क्षेत्रीय कार्यालय भोपाल के सहायक आयुक्त लेखराज मीणा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। अंत में सांसद संतोष पांडे, पूर्व विधायक विनोद खांडेकर और मीडिया से जुड़े सभी पत्रकारों को विद्यालय परिवार की ओर से धन्यवाद दिया गया।