*बिरनपुर में भाजपा के साम्प्रदायिक हिंसा का पर्दाफाशः कांग्रेस*0 उपमुख्यमंत्री अरूण साव को नैतिकता के नाते पद से इस्तीफा देना चाहिएः भोलाराम

प्रेसवार्ता में जिला प्रभारी व विधायक भोलाराम साहू, शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा व ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष भागवत साहू ने दी जानकारी

*राजनांदगांव।*बिरनपुर हत्याकांड एवं साम्प्रदायिक हिंसा मामले में सीबीआई द्वारा विशेष अदालत में जार्चशीट पेश करने के बाद तस्वीर साफ हो गया है कि चुनावी लाभ लेने के लिए भारतीय जनता पार्टी द्वारा षडयंत्र रचा था।

भाजपा के इस षडयंत्र को आम जनता तक पहंुचाने के लिए छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के आदेशानुसार 05 अक्टूबर रविवार को राजनांदगांव प्रभारी खुज्जी विधायक भोलाराम साहू, शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा व जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष भागवत साहू द्वारा प्रेसवार्ता लेकर जानकारी दी।

विधायक भोलाराम साहू ने प्रेसवार्ता में बताया कि बिरनपुर हत्याकांड हिंसा में सीबीआई ने चार्जशीट में घटना का विस्तृत विवरण दिया है जिसमें स्पष्ट हुआ है कि यह घटनाक्रम दो बच्चों के झगड़े से शुरू होकर दो परिवारों तक पहुंचा और बाद में यह दो समुदायों का झगड़ा बन गया। सीबीआई ने अपने जांच में पाया कि इस घटना में कोई राजनैतिक षडंयत्र नही था, यह एक मामूली झगड़ा था, जिसने खूनी रूप ले लिया।

सीबीआई जांच के बिन्दु भाजपा सरकार ने तय किया था यदि जांच के बिन्दु में घटना के बाद के राजनैतिक षडयंत्र होता तो भाजपा बेनकाब हो जाती। बिरनपुर मामले में सीबीआई की चार्जशीट से साफ हो गया कि उस समय भाजपा ने तत्कालिन कांग्रेस सरकार और कांग्रेस पार्टी पर जो आरोप लगाया था वह झूठा था।

यह आरोप भाजपा की चुनावी लाभ लेने के उद्देश्य से की गई राजनैतिक साजिश थी। सीबीआई की चार्जशीट ने भाजपा का काला चेहरा सामने रख दिया। भाजपा ने उस समय को साम्प्रदायिक और जातीय रंग देकर राजनैतिक लाभ लेने का षडयंत्र रचा था। तत्कालिन भाजपा अध्यक्ष अरूण साव घटना के बाद वहां जाकर पूरे घटनाक्रम को साम्प्रदायिक रंग देने का प्रयास किए और उसमें वे सफल भी रहे।

अरूण साव जब घटनास्थल गये थे, तब उनके सामने आगजनी की गयी थी, वे वहां पर भड़काउ भाषण दिये थे। इस मामले को लेकर भाजपा ने एक समाज को कांग्रेस के खिलाफ भड़काने का प्रयास किया। भाजपा ने विधानसभा चुनाव में भी पूरे प्रदेश में इस झगड़े को साम्प्रदायिक रंग देने का प्रयास किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से लेकर गृहमंत्री अमित शाह ने अपनी चुनावी सभा में दुर्भाग्यजनक घटना को धार्मिक और जातीय झगड़े से जोड़ के प्रस्तुत किया। भाजपा ने मृतक भुनेश्वर के पिता ईश्वर साहू को टिकिट देकर सहानुभूति बटोरने की साजिश किया।शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा फर्जी वोट करके, हत्याकांड, दंगाफसा कराके, जनता के जनमत को किनारे कर, साम्प्रदायिकता बढ़ा रही है।
सत्ता की चाह रख इस मामूली विवाद को साम्प्रदायिक बनाने का प्रयास किया गया। सीबीआई की जांच यह भी साफ हो गया कि उस समय कांग्रेस की सरकार ने जो कार्यवाही की, घटना के लिए जिम्मेदार मानकर जिन लोगों की गिरफ्तारियां की वह सही थी। भाजपा ने कांग्रेस पर तुष्टिकरण का झूठा और मनगढ़त आरोप लगाया था तथा भाजपा नेताओं ने उस समय राजनैतिक लाभ लेने ध्रूवीकरण के लिए गलत बयानी किया था। ईश्वर साहू भी अपने बयानों में जिस व्यक्ति अंजोर यदु पर आरोप लगाते थे, उसे भी सीबीआई ने दोषी नहीं माना है, सीबीआई की चार्जशीट में इसका कोई उल्लेख नहीं है।
इससे साफ है कि बिरनपुर मामला भाजपा की सोची समझी साजिश थी।जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष भागवत साहू ने कहा कि भाजपा के इस षडयंत्र का कांग्रेस को राजनैतिक रूप से नुकसान हुआ। सीबीआई की चार्जशीट के बाद तत्कालिन भाजपा अध्यक्ष और वर्तमान उपमुख्यमंत्री अरूण साव ने जरा भी नैतिकता हो तो अपने पद से त्यागपत्र देकर छत्तीसगढ़ की जनता से माफी मांगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह अपने गैर जिम्मेदाराना भाषण के लिए छत्तीसगढ़ की जनता से मांफी मांगे। प्रेसवार्ता में प्रमुख रूप से शहर कांग्रेस संभागीय प्रवक्ता कमलजीत सिंह पिन्टू, पीसीसी प्रवक्ता रूपेश दुबे, पंकज बांधव, उपाध्यक्ष विकास त्रिपाठी, मोहम्मद यहया, महामंत्री अमित चंद्रवंशी, विशु अजमानी सहित कांग्रेसजन उपस्थित थे।