राजनांदगांव। प्रदेश अध्यक्ष टहल साहू की अनुशंसा पर जिला साहू संघ अध्यक्ष भागवत साहू ने संघ के उपाध्यक्ष मदन साहू को डोंगरगढ़ तहसील का प्रभार सौंपा है। प्रभारी बनाए जाने के बाद बीते मंगलवार को उन्होंने तहसील साहू डोंगरगढ़ की बैठक ली। इस दौरान विभिन्न सामाजिक गतिविधियों सहित 9 मई को ग्राम सिंघोला में माता भानेश्वरी जयंती के प्रदेश स्तरीय आयोजन की तैयारियों पर चर्चा करते हुए जिला संघ द्वारा लिए गए निर्णयों से अवगत कराया गया।
तहसील साहू संघ डोंगरगढ़ की बैठक 25 अप्रैल को अछोली स्थित साहू समाज भवन में संपन्न हुई। बैठक में प्रभारी मदन साहू के साथ ही जिला साहू संघ के महामंत्री नीलमणी साहू, संगठन सचिव डोमेश्वर साहू, तहसील संघ के संरक्षक हेमंत साहू, अध्यक्ष हेमराज साहू और कोषाध्यक्ष कचरू हिरवानी मौजूद थे। तहसील के सभी परिक्षेत्र के अध्यक्ष व सचिवों भी इसमें शामिल हुए।
साहू संघ के डोंगरगढ़ तहसील प्रभारी बनाए गए मदन साहू वरिष्ठ पदाधिकारी हैं। वे दूसरी बार उपाध्यक्ष बनाए गए हैं। इससे पूर्व वे संघ के मंडल, तहसील सहित जिला संघ के विभिन्न पदों पर रहते हुए सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहे हैं। वे अखिल भारतीय तैलिक महासभा के युवा प्रकोष्ठ के कार्यकारिणी सदस्य भी रह चुके हैं।
यहां आयोजन के पूर्व तहसील साहू संघ के पदाधिकारियों व समाज के वरिष्ठ नागरिकों ने प्रभारी मदन साहू को शुभकामनाएं देते हुए उनका स्वागत किया। प्रभारी बतौर पहली बैठक में साहू ने चर्चा करते हुए कहा कि, साहू समाज के पास निर्णायक क्षमताएं हैं। संगठित सामाजिकजनों ने इसे संभव किया है। आने वाले दिनों में जिला साहू संघ के बैनर तले विभिन्न सामाजिक आयोजन होने हैं। इनकी तैयारियों को लेकर जिम्मेदारियां भी पदाधिकारियों के बीच बांट दी गई है।
उन्होंने कहा कि-समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका और सहभागिता जिला साहू संघ ने सुनिश्चित की है। 9 मई 2023 को ग्राम सिंघोला में माता भानेश्वरी जयंती का प्रदेश स्तरीय आयोजन होने वाला है। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय व प्रदेश के अतिथि शिरकत करेंगे। इसकी तैयारियां बड़े स्तर पर की जा रही है। उन्होंने तहसील साहू संघ द्वारा स्वागत के लिए आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि-समाज के कल्याण और विकास के लिए हम सभी को मिल-जुलकर कार्य करना है, यही एक सूत्र वाक्य है। साहू ने अन्य समाजों को भी कार्यक्रम से जोड़ने की अपील की।