राजनांदगांव। भारतीय जनता पार्टी ने नामांकन पत्र दाखिल करने के साथ पार्टी कार्यकर्ताओं का जबरदस्त शक्ति प्रदर्शन किया। पार्टी के लक्ष्य से कही बहुत अधिक संख्या में संसदीय क्षेत्र के कार्यकर्ता पहुंचे। सुदूर बोड़ला से लेकर औंधी तक के कार्यकर्ता पार्टी का झंडा हाथ में थामें शिवनाथ वाटिका की ओर समय से पूर्व ही बढ़ते दिखाई दे रहे थे। बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं के लिए सभा स्थल पर दो विशालतम पंडाल लगाए गए थे। पहला बड़ा पंडाल सभा मंच के सामने था, वहीं उससे कुछ दूरी पर एक और बड़े पंडाल की व्यवस्था संगठन की ओर से की गई थी। उक्त दोनों पंडाल सभा प्रारंभ होने के पूर्व कार्यकर्ताओं से खचाखच भर चुका था। इसके बाद भी कार्यकर्ताओं के आने का क्रम जारी था। शहर के चारों तरफ भाजपा कार्यकर्ताओं का सैलाब साफ दिखाई दे रहा था। हाथ में पार्टी का झंडा लिए कार्यकर्ताओं का उत्साह प्रदर्शित हो रहा था, कोई आबकी बार -मोदी सरकार के उद्घोषणा कर रहा था, तो कुछ लोग एक बार फिर मोदी सरकार के नारे लगा रहे थे। पूरा सभा स्थल भाजपा के झंडे, फ्लेक्स, कट आउट, तोरण से पटा पड़ा था। भीषण गर्मी को देखते हुए और कार्यकर्ताओं की अपेक्षा से अधिक उपस्थिति लो लेकर महिला मोर्चा व युवा मोर्चा के कार्यकर्ता व्यवस्था संभालने मे जुटे हुए थे। जगह-जगह नीले रंग का ड्रम रखकर पीने की शीतल जल की व्यवस्था की गई थी, सभा स्थल में स्थानीय व प्रदेश स्तर के भाजपा नेताओं का उद्बोधन अनवरत चलता रहा।
भाजपा मीडिया सेल द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार सभा स्थल पर कार्यकर्ताओं का उत्साह उस वक्त परवान पर चढ़ा जब साजा के रिक्शा चालक से विधायक बने ईश्वर साहू ने धारदार तरीके से पूर्ववर्ती भूपेश सरकार की बखिया उधेड़ते हुए कहा कि-भूपेश के भ्रष्टाचार के चार चिन्हारी, नरवा-गरवा-गुरवा-बाड़ी। तब पूरा सभा स्थल करतल ध्वनि से गूंज उठा। श्री साहू ने जब अपने पुत्र की हत्या का विवरण दिया तो भाजपा कार्यकर्ता गमगीन हो गए। फिर अचानक ही माहौल में उत्साह दिखाई दिया, जब प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय तमाम बड़े भाजपा नेताओं के साथ सभा स्थल पर पहुंचे तो कार्यकर्ताओं ने नारे बाजी कर उनका जोशीला स्वागत किया। संक्षिप्त स्वागत कार्यक्रम के पश्चात विष्णु देव साय ने अपने पारंपरिक अंदाज में अपनी बात शुरू करते हुए कहा कि देश मैं मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए इस लोकसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी संतोष पांडे को भारी मतों से विजय बनाये।
श्री साय ने अपनी बात को जारी रखते हुए कहा कि यहां के कांग्रेस प्रत्याशी भूपेश बघेल ने अपने शासनकाल में छत्तीसगढ़ को अपराध व भ्रष्टाचार का गढ़ बना दिया था, कोयले से लेकर चाँवल, शराब, पीएससी नियुक्ति सहित अनेक क्षेत्रों में भ्रष्टाचार के रिकार्ड को तोड़ दिया था। शराब दुकानों में दो काउंटर हुआ करते थे जिसमे एक काउंटर का पैसा शासन के पास तो दूसरे काउंटर के पैसा सीधे कांग्रेस के शीर्ष नेताओं तक भेजने का कुचक्र चल रहा था। भ्रष्टाचार करने के मामले में इन्होंने महादेव तक को नहीं छोड़ा और महादेव एप के माध्यम से करोड़ों का घोंटाला किया।
श्री साय ने प्रदेश में अपने अब तक के 90 दिनों की सरकार का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत करते हुए कहा की मोदी गारंटी के तहत पार्टी ने जो भी बड़ी घोषनाएं की थी, उसको सरकार बनने के चंद दिनों में ही पूरा करके ही हमने रिकार्ड बनाया हैं। किसानों को दो वर्ष के बकाया बोनस राशि का भुगतान किया गया। माता-बहनों को महतारी वंदन योजना के अंतर्गत प्रति माह एक हजार रुपये की राशि की दूसरी किश्त का भुगतान किया जा चुका है। तेंदूपत्ता तोड़ने वाले मजदूरों की मजदूरी दरों में इजाफा किया गया, इतना ही नहीं बल्कि किसानों को 3100 रुपए की दर से 21 मि्ंटल धान की खरीदी कर अंतर की राशि का एकमुश्त भुगतान कर सरकार ने विरोधियों का मुह बंद कर दिया। आवासहीन लोगों के लिए 18 लाख प्रधानमंत्री आवास की स्वीकृति दी गई। श्री साय ने कहा की हम मोदी गारंटी के तहत दी गई सभी गारंटी को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
श्री साय ने लोकसभा चुनाव को लेकर राष्ट्रीय नीति की चर्चा करते हुए कहा कि एक बार फिर देश को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की जरूरत हैं, पिछले 10 वर्षों के कार्यकाल में मोदी जी ने देश के विकास के लिए कार्य किया है और आने वाले 5 वर्षों में बहुत कुछ करने की राष्ट्रीय जरूरत हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासित यूपीए शासन काल में देश की अर्थव्यवस्था 11वें स्थान पर थी, वहीं अब हम विश्व की तीसरी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर हैं। आतंकवादियों व नक्सलियों को उनके बिलों में घुसे रहने के लिए विवश कर दिया गया है। कश्मीर में शांति स्थापित हुई है, पूरे देश में अमन व चयन के युग का सूत्रपात हुआ हैं। 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से निकलकर माध्यम श्रेणी में पहुंच गए हैं, जो एक रिकार्ड हैं।
भाजपा प्रत्याशी संतोष पांडे ने उपस्थित कार्यकर्ताओं का अभिवादन करते हुए कहा कि यह चुनाव राष्ट्रीय परिपेक्ष में महत्वपूर्ण स्थान रखता हैं, आप सब पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ता हैं आपके बल पर ही पार्टी का दमखम हैं, कमल फूल को भारी मतों से विजयी बनाने आप सबका आशीर्वाद प्राप्त होगा, ऐसा विश्वास हैं।
सभा को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव, पूर्व संसद अभिषेक सिंह, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा व अरुण साव, लोकसभा प्रभारी नारायण चंदेल, विधायक भावना बोहरा, पूर्व विधायक विनोद खांडेकर, पूर्व संसद प्रदीप गांधी, प्रदेश महामंत्री भरत वर्माए, जिला महामंत्री रवींद्र वैष्णव ने भी संबोधित किया। मंच पर प्रदेश भाजप प्रभारी नितिन नबीन, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, कलस्टर प्रभारी राजेश मूणत, समन्वयक अशोक शर्मा, सह समन्वयक खूबचन्द पारख, युवामोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत, लोकसभा संयोजक मधुसूदन यादव, नीलू शर्मा, जिलाध्यक्ष रमेश पटेल, अशोक साहू, घम्मन साहू, मदन साहू सहित अनेक नेतागण उपस्थित थे। सभा का संचालन दिनेश गांधी, राजेन्द्र गोलछा, किसुन यदु ने किया।
नामांकन सभा के पश्चात डीजे, धुमालए पंथी नृत्य, राऊत नाचा के साथ भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक रैली निकली, जिसमें भाजपा कार्यकर्ता कमल फूल की टोपी लगायें गले में पार्टी का गमछा डाले हजारों की संख्या में नारे बाजी करते हुए लयबद्ध होकर निकले। रैली का शहर के विभिन्न मार्गों में व्यापक स्वागत हुआ। लोगों ने फूल बरसाये रैली को देखने घर के छतों व छज्जों में खड़े होकर लोग निहारते रहें, जिन्हें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय व पार्टी प्रत्याशी संतोष पांडे जो रैली के मध्य मे सजे हुए वाहन में सवार थे, वे आमजनों का हाथ जोड़कर अभिवादन करते रहें। रैली में अनेक युवा एवं महिला कार्यकर्ता थिरकते नजर आये। कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बनता था। रैली गुरद्वारा चौक पहंुचकर समाप्त हुई।











