धूमधाम से मनाया राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का जन्मदिन, किया वृक्षारोपण

0

राजनांदगांव। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का जन्मदिन जिले में उत्साह और पर्यावरणीय संकल्प के साथ मनाया गया। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी लोहिया वाहिनी के जिला अध्यक्ष इमानवेल सिंह के नेतृत्व में डोंगरगढ़ ब्लॉक के ग्राम कलडबरी स्थित एप्पल वेली पब्लिक स्कूल परिसर में वृक्षारोपण किया गया।
इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने विभिन्न छायादार और फलदार पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वृक्षारोपण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
समाजवादी पार्टी लोहिया वाहिनी के जिला अध्यक्ष इमानवेल सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सदैव जनहित, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समरसता के पक्षधर रहे हैं। उनके जन्मदिन को सेवा और प्रकृति के प्रति संकल्प के रूप में मनाना समाजवादी विचारधारा की पहचान है।
उन्होंने आगे कहा कि समाजवादी पार्टी न सिर्फ राजनीति में बल्कि सामाजिक सरोकारों में भी अग्रणी भूमिका निभाती रही है। पौधारोपण एक छोटा प्रयास है, लेकिन यही प्रयास आने वाले समय में हरियाली और जीवनदायिनी वातावरण को बनाए रखने में सहायक सिद्ध होगा।
कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डा. ओमप्रकाश साहू, प्रदेश अध्यक्ष किसान एकता संगठन बृजेश चौरसिया, प्रदेश सचिव मोतीलाल यादव, विष्णु कुमार सोनी, मन्नू लाल सोनी, जिला सचिव रवि ठाकुर, महिला जिला अध्यक्ष मिनाक्षी वर्मा, एप्पल वेली पब्लिक स्कूल के रिचर्डसन जॉन, प्राचार्या आराधना सिंह, शिक्षक कंचन, पूजा वर्मा सहित कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। सभी ने अखिलेश यादव के दीर्घायु और सक्रिय राजनीतिक जीवन की कामना की। कार्यक्रम के अंत में वृक्षों की देख-रेख और संरक्षण का भी संकल्प लिया गया।