छत्तीसगढ़ सब जूनियर बालिका हॉकी टीम हेतु चयन स्पर्धा का आयोजन

0

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ हॉकी की सब जूनियर बालिका हॉकी टीम हेतु एक दिवसीय चयन स्पर्धा विगत दिवस अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम राजनांदगांव में छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज अंसारी के मार्गदर्शन में आयोजित की गई, जिसमें छत्तीसगढ़ हॉकी से मान्यता प्राप्त जिले एवं संस्थानों से कुल 76 बालिका हॉकी खिलाड़ियों ने भाग लिया।
छत्तीसगढ़ हॉकी के महासचिव मनीष श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी दिनांक 3 से 14 जुलाई 2025 तक रांची (झारखंड) में 15वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय सब जूनियर बालिका हॉकी चैम्पियनशिप आयोजित की जा रही है।
इस हेतु राज्य की टीम के संभावित खिलाड़ियों का चयन ट्रायल में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर 26 खिलाड़ियों का चयन किया गया है। चयन पश्चात् 26 संभावित सब जूनियर बालिका हॉकी खिलाड़ियों का प्रशिक्षण शिविर बहुत जल्द अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम राजनांदगंव में आयोजित किया जायेगा। नेशनल चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ अपना पहला मैच दिनांक 3 जुलाई को दादर नागर हवेली के साथ खेलेगी।
उक्त चयन स्पर्धा में छत्तीसगढ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज अंसारी, एनआईएस हॉकी कोच अनुराज श्रीवास्तव, साई के हॉकी कोच परमजीत सिंह, रायपुर हॉकी अकादमी के प्रहलाद तांडी, विष्णु यादव, खेलो इंडिया सेंटर बस्तर के कोच कार्तिक यादव, शैलेन्द्र वर्मा, हिमांशु कबीरधाम से तथा आशा थॉमस, कृष्णा यादव, हिमांशु मलिक आयुष साहू आदि उपस्थित थें।