गंदगी फैलाने वालों पर सख्ती की मांग, नागरिक भी निभाएं अपनी भूमिका – शिव वर्मा कहा – स्वच्छता की साख पर दाग नहीं होने देंगे

2

*गंदगी फैलाने वालों पर सख्ती की मांग, नागरिक भी निभाएं अपनी भूमिका – शिव वर्मा कहा – स्वच्छता की साख पर दाग नहीं होने देंगे

राजनांदगांव- राष्ट्रीय स्तर पर स्वच्छता पुरस्कार प्राप्त कर चुके राजनांदगांव शहर में इन दिनों फिर से गंदगी का आलम दिखाई देने लगा है। इस पर चिंता जताते हुए नगर निगम के वरिष्ठ पार्षद शिव वर्मा ने कहा है कि शहर की स्वच्छता बनाए रखने के लिए सिर्फ निगम ही नहीं बल्कि आम नागरिकों को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम अपनी ओर से नियमित सफाई, कचरा संग्रहण और जागरूकता अभियान चलाकर स्वच्छता बनाए रखने का प्रयास कर रहा है।

बावजूद इसके कुछ लोगों की लापरवाही के कारण सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलता नजर आ रहा है जिससे शहर की छवि धूमिल हो रही है।श्री वर्मा ने स्पष्ट कहा कि शहर में कचरा फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई बेहद जरूरी है। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना और अन्य दंडात्मक कदम उठाए जाएं ताकि लोगों में अनुशासन की भावना विकसित हो।

उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि वे अपने आसपास कचरा फैलाने वालों को रोकें और टोकें। यदि हर नागरिक अपने मोहल्ले की जिम्मेदारी ले ले तो शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना मुश्किल नहीं होगा। उन्होंने ने खुले में शौच की समस्या पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि खुले में शौच से न सिर्फ गंदगी फैलती है, बल्कि यह स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा बनता है। ऐसी आदतों को सामाजिक स्तर पर हतोत्साहित करना जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे ऐसे लोगों को समझाएं और स्वच्छ शौचालयों के उपयोग के लिए प्रेरित करें।

शिव वर्मा ने कहा कि राजनांदगांव को स्वच्छता के क्षेत्र में मिली राष्ट्रीय पहचान को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि निगम प्रशासन और आम जनता मिलकर काम करें, तो शहर को फिर से स्वच्छता के मानकों पर अग्रणी बनाया जा सकता है। अंत में उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें, प्लास्टिक के उपयोग को कम करें और अपने आसपास साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें ताकि राजनांदगांव एक बार फिर स्वच्छ और सुंदर शहर के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर सके। अंत में नगर निगम द्वारा स्वच्छता अभियान चला रहे हैं उसमें आम जनता से अपील करते हुए कहा कि इस स्वच्छता अभियान में स्कूल कॉलेज के छात्र सामाजिक संस्था व्यापारी महिला समूह आंगनवाड़ी कार्यकर्ता मितानिन सहीत सबको अपने-अपने क्षेत्र में स्वच्छता अभियान के प्रति लोगों को जागरूक करें।