खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता हेतु कमला कॉलेज की 5 छात्राएं चयनित

1

राजनांदगांव। खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता का आयोजन दिनांक 23 मई से 3 जून 2023 तक उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों में किया जा रहा है। जिसके अंतर्गत कबड्डी प्रतियोगिता दिनांक 23 मई से 27 मई 2023 तक नोएडा में आयोजित किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता हेतु चयनित हेमचंद यादव विश्व विद्यालय दुर्ग की महिला कबड्डी टीम में 12 खिलाड़ियों में से 5 खिलाड़ी शासकीय कमलादेवी राठी महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजनांदगांव की है, जिसमें छाया चन्द्रवंशी, पूनम चन्द्रवंशी, संगीता, संतोषी एवं कामिनी पुरामे शामिल है। उक्त प्रतियोगिता हेतु शासकीय दिग्विजय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजनांदगांव की छात्राएं शालिनी उसारे, वैशाली एवं भावना है। महाविद्यालय की क्रीड़ाधिकारी डॉ. नीता एस. नायर ने जानकारी दी कि इसके पूर्व सत्र 2019-20 में आयोजित खेलो इंडिया प्रतियोगिता में हेमचंद यादव विश्व विद्यालय दुर्ग की टीम को कास्य पदक प्राप्त हुआ था और उसमें 6 छात्राएं शासकीय कमलादेवी राठी महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजनांदगांव की थी। उत्कृष्ट प्रदर्शन के फलस्वरूप टीन की एक छात्रा छाया चंद्रवंशी का चयन इंडिया टीम के लिए आयोजित प्रशिक्षण शिविर हेतु हुआ था। वर्तमान में छाया चंद्रवंशी गांधी नगर, गुजरात में एशियन खेल के लिए प्रशिक्षण प्राप्त कर रही है। हेमचंद यादव विश्व विद्यालय, दुर्ग की टीम दिनांक 20 मई 2023 को नोएडा के लिए रवाना होगी। टीम के मैनेजर डॉ. दिनेश नामदेव एवं कोच डॉ. नीता एस. नायर है। जिला कबड्डी संघ के उपाध्यक्ष डीडी साहू एवं ललित साहू के मार्गदर्शन में विगत कई वर्षो से कबड्डी के क्षेत्र में कमला कॉलेज की छात्राओं ने यह राष्ट्रीय स्तर पर कई पदक प्राप्त किए है। छात्राओं की इस उपलब्धि पर प्राचार्य डॉ. आलोक मिश्रा, क्रीड़ाधिकारी डॉ. नीता एस. नायर एवं समस्त महाविद्यालय परिवार ने शुभकामनाएं एवं बधाई दी।