एबीवीपी की पहल रंग लाई, व्यापम परीक्षा के चलते सेमेस्टर एग्जाम की तिथि बढ़ी

0

राजनांदगांव। महाविद्यालयीन छात्रों के हित में उठाई गई पहल सफल साबित हुई है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) द्वारा दिग्विजय महाविद्यालय की प्राचार्य को सौंपे गए ज्ञापन के बाद प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 27 अप्रैल 2026 को प्रस्तावित सेमेस्टर परीक्षा की तिथि बढ़ा दी।
जानकारी के अनुसार, 26 अप्रैल को व्यापम की महत्वपूर्ण परीक्षा आयोजित होने वाली थी, जिसमें महाविद्यालय के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल होने वाले थे। परंतु अगले ही दिन सेमेस्टर परीक्षा निर्धारित होने के कारण छात्रों को पर्याप्त तैयारी और मानसिक आराम का समय नहीं मिल पा रहा था। इस समस्या को गंभीरता से देखते हुए एबीवीपी ने छात्रों की ओर से परीक्षा तिथि में बदलाव की मांग की।
एबीवीपी नगर मंत्री अक्षत श्रीवास्तव ने बताया कि छात्रों के शैक्षणिक हित को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया, जिसे महाविद्यालय प्रशासन ने सकारात्मक रूप से स्वीकार किया। उन्होंने प्राचार्य का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे छात्रों को दोनों परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन का अवसर मिलेगा।
महाविद्यालय प्रशासन ने नोटिस जारी कर बताया कि अब सेमेस्टर परीक्षा की नई तिथि जल्द ही घोषित की जाएगी। इस फैसले से छात्रों में खुशी का माहौल है और उन्होंने एबीवीपी के इस प्रयास की सराहना की है।