कलेक्टर ने चांदनी को 12वीं की परीक्षा में जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर प्रदान किया लैपटॉप

0

राजनांदगांव। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने विगत दिनों कलेक्टर कक्ष में छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर द्वारा आयोजित कक्षा 12वीं की परीक्षा में जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय छुरिया की कुमारी चांदनी को लैपटॉप प्रदान किया। कलेक्टर श्री अग्रवाल ने कुमारी चांदनी को निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और उज्जवल भविष्य की कामना की। कलेक्टर श्री अग्रवाल ने इस उपलब्धि के लिए उनके पिता यमुना लाल, परिजन एवं शिक्षकों को बधाई दी, जिन्होंने प्रेरणा देने के साथ ही अच्छी शिक्षा देकर हौसला अफजाई की। उल्लेखनीय है कि कुमारी चांदनी ने छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर द्वारा आयोजित कक्षा 12वीं की परीक्षा में 89 प्रतिशत प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी अभय जायसवाल, सहायक संचालक शिक्षा श्रीमती बी संगीता राव, भारतीय स्टैट बैंक ऑफ इंडिया के प्रतिनिधि वरूण शुक्ला, पिता यमुना लाल उपस्थित थे।